मानवता की मिसाल: दिवंगत अतिथि शिक्षक के परिवार की मदद को आगे आए शिक्षक
सूरजपुर/ओड़गी- विकासखंड ओड़गी में शिक्षकों ने मानवता और आपसी सहयोग की प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चेन्द्रा में पदस्थ रहे दिवंगत अतिथि शिक्षक सुभाष सिंह के आकस्मिक निधन के बाद क्षेत्र के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने स्वेच्छा से आर्थिक सहयोग जुटाकर उनके शोकाकुल परिवार का संबल बनने का प्रयास किया।
गणित विषय के अतिथि शिक्षक रहे सुभाष सिंह के निधन से शिक्षा जगत में शोक की लहर है। इस दुखद घड़ी में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चेन्द्रा तथा संकुल केन्द्र चेन्द्रा, रैसरा, पकनी, चंद्रमेड़ा और खड़ौली के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने मिलकर 33,400 रुपये की सहायता राशि एकत्र की। यह राशि दिवंगत शिक्षक के पुत्र सुभांशु सिंह के बैंक खाते में फोनपे के माध्यम से भेजी गई।
संकुल प्राचार्य ने कहा कि यह सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि शिक्षक परिवार की एकजुटता, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने इस नेक कार्य में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
वहीं, बीईओ प्रदीप सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि सभी शिक्षकों ने अनुकरणीय कार्य किया है। उन्होंने भविष्य में भी जरूरतमंद साथियों और उनके परिवारों की इसी भावना से सहायता के लिए प्रेरित रहने का आह्वान किया।
यह पहल साबित करती है कि शिक्षक केवल ज्ञान का प्रकाश ही नहीं फैलाते, बल्कि कठिन परिस्थितियों में मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करते हैं।
