20260706_115711-COLLAGE

सूरजपुर ब्रेकिंग: गांव में घुसा जंगली हाथी,मची अफरा-तफरी:

सूरजपुर/प्रतापपुर- सूरजपुर जिले के प्रतापपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम सिंघरा में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया,जब एक जंगली हाथी अचानक गांव में प्रवेश कर गया। हाथी को गांव की ओर आते देख युवाओं की भीड़ इकट्ठी हो गई उसे गुस्साए हाथी ने लोगों को दौड़ाया ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीण हाथी से बचने के लिए भागते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो ने पूरे क्षेत्र में चिंता बढ़ा दी है।

हाथी के गांव में प्रवेश की सूचना मिलते ही हाथी मित्र दल और स्थानीय युवा तत्काल सक्रिय हो गए। सभी ने मिलकर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी और हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी। साथ ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में मुनादी एवं प्रचार-प्रसार कर लोगों से बारिश में रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने तथा हाथी के पास न जाने की अपील की जा रही है।

वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर वापस भेजा जा सके। हाथी मित्र दल और ग्रामीण युवाओं की सतर्कता के कारण अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली है।
हालांकि, हाथी की मौजूदगी से सिंघरा सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है।

फिलहाल वन विभाग, हाथी मित्र दल और स्थानीय ग्रामीण पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, हाथी के करीब जाने या उसे छेड़ने का प्रयास न करें तथा किसी भी सूचना के लिए तत्काल वन विभाग को अवगत कराएं।

——————————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!