ढाई महीने बाद भी नहीं मिली 5वीं-8वीं की अंकसूची, प्रवेश प्रक्रिया पर मंडराया संकट
सूरजपुर/ नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के साथ स्कूलों में शाला प्रवेश उत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं, लेकिन इस बीच शिक्षा विभाग की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। कक्षा 5वीं और 8वीं की परीक्षाएं संपन्न हुए लगभग ढाई महीने बीत चुके हैं, इसके बावजूद विद्यार्थियों को अब तक उनकी मूल अंकसूची (मार्कशीट) उपलब्ध नहीं कराई गई है। इससे हजारों विद्यार्थियों के प्रवेश और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षा विभाग द्वारा नियुक्त पोर्टल पर विद्यार्थियों की कक्षोन्नति की प्रक्रिया पूरी करने के लिए प्राप्तांकों का प्रतिशत दर्ज करना अनिवार्य है, लेकिन मूल अंकसूची ही उपलब्ध नहीं होने के कारण स्कूलों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है। ऐसे में 5वीं उत्तीर्ण छात्रों का छठवीं और 8वीं उत्तीर्ण छात्रों का नौवीं कक्षा में प्रवेश प्रभावित होने की आशंका है।
गौरतलब है कि प्रदेशभर में शासकीय एवं मान्यता प्राप्त निजी विद्यालयों के लिए कक्षा 5वीं और 8वीं की केंद्रीकृत परीक्षाएं आयोजित की गई थीं और अप्रैल माह में परिणाम भी घोषित कर दिए गए थे। इसके बावजूद आज तक विद्यार्थियों को उनकी मूल अंकसूची नहीं मिल सकी है। जबकि 10वीं और 12वीं जैसी बड़ी बोर्ड परीक्षाओं की अंकसूचियां पहले ही जारी हो चुकी हैं। ऐसे में 5वीं और 8वीं की अंकसूची जारी नहीं होना विभाग की उदासीनता को दर्शाता है।
अंकसूची नहीं मिलने से सबसे अधिक परेशानी उन विद्यार्थियों और अभिभावकों को हो रही है, जो अपने बच्चों का प्रवेश दूसरे जिलों, प्रदेशों या बेहतर विद्यालयों में कराना चाहते हैं। अभिभावकों को प्रवेश के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
इधर, स्कूलों में शौचालय समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव बना हुआ है। वहीं शिक्षकों को पढ़ाई के बजाय दिव्यांग गणना, उल्लास सर्वे तथा अन्य गैर-शैक्षणिक कार्यों में लगाया जा रहा है, जिससे शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
अभिभावकों और आम जनता ने सरकार तथा शिक्षा विभाग से मांग की है कि शाला प्रवेश उत्सव जैसे कार्यक्रमों के साथ-साथ बच्चों के हितों को प्राथमिकता देते हुए कक्षा 5वीं और 8वीं के विद्यार्थियों की मूल अंकसूची तत्काल जारी की जाए, ताकि उनके प्रवेश और भविष्य पर किसी प्रकार का संकट न आए।
