oplus_131074
गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टिट्यूट के रामनेवाज साहू और संध्या साहू पर छात्रों ने लगाए गंभीर आरोप, जांच और कार्रवाई की मांग
सूरजपुर/ जिले के ग्राम पंचायत तिलसीवा स्थित गुरुकुल पैरामेडिकल इंस्टिट्यूट के खिलाफ डीएमएलटी (DMLT) और बीएमएलटी (BMLT) के छात्र-छात्राओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा है। युवक कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष परमेश्वर राजवाड़े के नेतृत्व में छात्र-छात्राएं कलेक्ट्रेट पहुंचे और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में छात्रों ने आरोप लगाया है कि संस्था के संचालक राम नेवाज साहू एवं प्राचार्य संध्या साहू द्वारा उनसे पूरे कोर्स की फीस जमा कराई गई, लेकिन इसके बावजूद उन्हें मुख्य परीक्षा में शामिल नहीं कराया गया। साथ ही कोर्स पूर्ण होने के बाद भी छात्रों को मूल प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराए गए हैं।
छात्रों का कहना है कि उन्होंने निर्धारित शुल्क जमा कर नियमित रूप से अध्ययन किया, लेकिन कोर्स समाप्त होने के बाद भी उनका भविष्य अनिश्चित बना हुआ है। उनका आरोप है कि परीक्षा और प्रमाण पत्र के संबंध में संस्था प्रबंधन द्वारा लगातार आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे उनका एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हुआ है तथा आर्थिक नुकसान भी हुआ है।
पीड़ित छात्र-छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि जब वे परीक्षा, प्रमाण पत्र अथवा फीस वापसी की मांग लेकर संस्था पहुंचे, तब उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। छात्रों के अनुसार उनकी शिकायतों का समाधान नहीं किया गया और उन्हें बार-बार वापस भेज दिया गया।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संस्था के संचालक पर पूर्व में भी अनियमितताओं और धोखाधड़ी के आरोप लग चुके हैं। छात्रों का आरोप है कि संस्था का संचालन नियमों के अनुरूप नहीं किया गया, जिससे उनके भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है।
वर्तमान में संस्था का संचालन बंद होने की भी जानकारी सामने आई है, जिससे छात्रों की चिंता और बढ़ गई है।
छात्रों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने तथा प्रभावित विद्यार्थियों की परीक्षा, प्रमाण पत्र और फीस वापसी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।
अब यह देखना होगा कि प्रशासन इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करता है और प्रभावित छात्रों को कब तक राहत मिल पाती है।
