IMG-20260513-WA0013

विधायक के जन्मदिन समारोह में अधिकारियों की मौजूदगी की होगी जांच, शासन ने मांगी रिपोर्ट

सूरजपुर/प्रेमनगर:– भूलन सिंह मरावी के जन्मदिन समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों की मंचीय मौजूदगी और सहभागिता का मामला अब शासन स्तर तक पहुंच गया है। आरटीआई कार्यकर्ता अमित गुप्ता की शिकायत पर मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सूरजपुर कलेक्टर को पूरे मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

शासन की ओर से जारी पत्र में अवर सचिव मुकेश कुमार ने कलेक्टर से कहा है कि शिकायत में लगाए गए आरोपों की नियमानुसार जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विधायक के जन्मदिन कार्यक्रम में पुलिस, राजस्व, शिक्षा एवं अन्य विभागों के कई अधिकारी मंच पर उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कुछ अधिकारियों ने गीत भी प्रस्तुत किए, जबकि एक अधिकारी का विधायक के चरण स्पर्श करते वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया।

बताया जा रहा है कि समारोह में अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी को लेकर प्रशासनिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।

शिकायतकर्ता का कहना है कि सरकारी पदों पर आसीन अधिकारियों का किसी जनप्रतिनिधि के निजी आयोजन में इस प्रकार शामिल होना प्रशासनिक निष्पक्षता और सेवा आचरण नियमों के विपरीत माना जा सकता है।

मामले में शासन के हस्तक्षेप के बाद जिला प्रशासन और संबंधित अधिकारियों में हलचल बढ़ गई है। अब सभी की निगाहें कलेक्टर की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होगा कि संबंधित अधिकारियों की भूमिका सेवा नियमों और प्रशासनिक मर्यादाओं के अनुरूप थी या नहीं। शासन की इस कार्रवाई को प्रशासनिक अनुशासन और निष्पक्षता से जुड़े मामलों में सख्त संदेश के रूप में भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!