20260507_150057-COLLAGE

ढाई हजार शिक्षकों की संवेदना से नम हुई दिवंगत शिक्षक के परिवार की आंखें
संयुक्त संवेदना समिति ने दिवंगत शिक्षक के परिवार को सौंपी एक लाख रुपये की सहायता राशि

सूरजपुर/ मानवता, सहयोग और शिक्षक एकजुटता की अनूठी मिसाल बन चुकी संयुक्त संवेदना समिति सूरजपुर ने एक बार फिर संवेदनशील पहल करते हुए दिवंगत शिक्षक परिवार के प्रति अपना दायित्व निभाया।

शासकीय प्राथमिक शाला हरिजनपारा तेलाईमुडा, विकासखंड रामानुजनगर में पदस्थ सहायक शिक्षक हरमेन राकेश मिंज के आकस्मिक निधन के पश्चात समिति के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक साथी उनके निवास केशवपुर विश्रामपुर पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस दौरान उपस्थित शिक्षकों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। तत्पश्चात समिति की ओर से दिवंगत शिक्षक की धर्मपत्नी श्रीमती सलोमी लकड़ा को एक लाख रुपये की संवेदना सहायता राशि प्रदान की गई। जिलेभर के शिक्षकों द्वारा अपने साथी शिक्षक के परिवार के प्रति दिखाई गई आत्मीयता, सहयोग और संवेदना को देखकर पूरा परिवार भावुक हो उठा। सहायता राशि प्रदान करने पहुंचे अनेक शिक्षक साथी भी अपनी भावनाओं को रोक नहीं सके।

समिति के ब्लॉक अध्यक्ष कृष्ण कुमार सोनी एवं राधेश्याम साहू ने बताया कि वर्ष 2018 में शिक्षाकर्मियों के शिक्षक पद पर संविलयन के बाद अनेक शिक्षकों पर पारिवारिक और आर्थिक जिम्मेदारियां बढ़ी हैं। ऐसी परिस्थितियों में किसी शिक्षक की असामयिक मृत्यु होने पर परिवार को आर्थिक एवं मानसिक संकट का सामना करना पड़ता है। इन्हीं चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए संयुक्त शिक्षक संघ सूरजपुर के जिलाध्यक्ष सचिन त्रिपाठी की पहल पर वर्ष 2021 में संयुक्त संवेदना योजना प्रारंभ की गई।

उन्होंने बताया कि समिति में मात्र 500 रुपये वार्षिक सदस्यता शुल्क के माध्यम से शिक्षक सदस्य बनते हैं। समिति से जुड़े किसी सदस्य शिक्षक के निधन की स्थिति में उसके परिवार को एक लाख रुपये की सहायता राशि, लंबित सेवा लाभों के त्वरित निराकरण तथा आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति दिलाने में भी सहयोग प्रदान किया जाता है।

समिति ने अब तक वर्ष 2021 से 29 दिवंगत शिक्षक परिवारों को सहायता प्रदान की है तथा वर्तमान में 2500 से अधिक शिक्षक इस पुनीत अभियान से जुड़ चुके हैं। वर्ष 2026 के लिए सदस्यता अभियान भी जारी है। समिति ने जिले के समस्त शिक्षकों से इस मानवीय पहल में सहभागी बनने की अपील की है।

इस अवसर पर समिति की सदस्य ममता मंडल, इंदुमती सोनवानी, सोमा घोष, सुमित्रा गुप्ता, ललमेन टोप्पो, ग्लोरिया कुजूर, रंजीता सांडिल्य, विद्यावती सिंह, उषा बेला खाखा, श्यामपति, भावना कुर्म सहित कार्यकारी जिलाध्यक्ष गिरवर यादव, राकेश शुक्ला, भुवनेश्वर सिंह, मनोज कुशवाहा, आशीष यादव, कार्तिक दुबे, आशीष त्रिपाठी, सतीष साहू, प्रमोद साहू, खेलसाय पोर्ट, अनिल साहू, नेल्सन बेक एवं बड़ी संख्या में शिक्षकगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!