oplus_131072
सूरजपुर में पानी के लिए हाहाकार जिम्मेदार उदासीन या बेखबर?
सूरजपुर/ जैसे ही गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरु कर दिया है,शहर में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
जिला मुख्यालय के कई वार्डों में अनियमित पानी आ रहा है। इससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड वासियों ने बताया कि वार्ड में पानी की समस्या से नगर पालिका के जनप्रतिनिधियों से कई बार मौखिक शिकायत कर चुके हैं। लेकिन फिर भी वार्ड में पानी आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी है। लोगों को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। बता दें कि नगर पालिका की सप्लाई लाइन बिना किसी पूर्व सूचना के अचानक बंद कर दी जाती है जिससे जल संकट बना हुआ है।
लोगों का आरोप है कि संबंधित विभाग के अधिकारी लापरवाही कर रहे हैं और वार्ड में पानी की सप्लाई पर ध्यान नहीं दे रहे है जबकि वार्डों में पानी की समस्या मुख्य समस्या है ऐसे में उन्हें पैसों से पानी खरीदकर पीना पड़ रहा है।
वार्डवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द उनके वार्ड की पानी की आपूर्ति सुचारु रूप से नियमित कराई जाए।
नगर पालिका से संबंधित एक विश्वसनीय सूत्र ने बताया कि पुराने जर्जर मोटर से काम चलाया जा रहा है बेहद दयनीय स्थिति में पहुंच चुके मोटरों को बार-बार मेंटेनेंस की आवश्यकता होती है।
ऐसे में सवाल यह है की नगर के विकास के लिए सरकार द्वारा दी जा रही करोड़ों के फंड किन कामों में लगाए जा रहे हैं?
क्या जिम्मेदारों को जनता की मूलभूत आवश्यकताओं का ध्यान नहीं है?
क्या जनता के द्वारा चुने गए प्रतिनिधी जनता के बीच जाकर इस समस्या के लिए जनता के ज्वलंत सवालों का जवाब दे सकेंगे?
उक्त संबंध में मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रभाकर शुक्ला ने बताया कि नयनपुर एनीकेट में मछुआरों के द्वारा संग्रहित पानी को खोल देने के कारण ऐसी स्थिति निर्मित हुई है कल सुचारु रूप से पानी की सप्लाई प्रारंभ हों जाएगी।
वहीं नगरपालिका अध्यक्ष कुसुमलता राजवाड़े ने कहा कि पानी सप्लाई बहाल करने की समुचित व्यवस्था की जा रही है कल से पानी की सप्लाई की जायेगी
