20251016_113239-COLLAGE

जन्मदिन बना प्रेरणा का संदेश: शिक्षक ने बच्चों को बांटी स्टेशनरी, बढ़ाया शिक्षा के प्रति उत्साह

सूरजपुर/रामानुजनगर- शिक्षा के क्षेत्र में नई सोच और समर्पण की मिसाल पेश करते हुए शासकीय प्राथमिक शाला गौटियापारा गोपीपुर के शिक्षक प्रमोद कुमार साहू ने अपने जन्मदिन को एक अनोखे और प्रेरणादायक तरीके से मनाया। उन्होंने अपने इस विशेष दिन को केवल स्वयं के उत्सव तक सीमित न रखकर विद्यालय के बच्चों की खुशी और शिक्षा को समर्पित कर दिया।अपने जन्मदिन के अवसर पर प्रमोद कुमार साहू ने विद्यालय के विद्यार्थियों को कॉपी, पेन, पेंसिल, रबड़, स्केल आदि स्टेशनरी सामग्री वितरित की। इस पहल से बच्चों में उत्साह और प्रसन्नता की लहर दौड़ गई। बच्चों ने शिक्षक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और यह वचन दिया कि वे पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करेंगे।

इस अवसर पर शिक्षक ने कहा कि “बच्चे ही हमारे भविष्य की नींव हैं। यदि हम उन्हें शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करें तो समाज और देश दोनों का भविष्य उज्ज्वल होगा।” विद्यालय के अन्य शिक्षक आत्मा प्रसाद साहू एवं ग्रामीणजनों ने भी प्रमोद कुमार साहू के इस प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षक समाज के लिए प्रेरणा हैं, जो अपने व्यक्तिगत अवसरों को सामाजिक और शैक्षणिक सेवा से जोड़ते हैं।

शिक्षक की इस संवेदनशील और प्रेरणादायक पहल ने यह साबित किया कि सच्चा उत्सव वही है जो दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाए। बच्चों की शिक्षा के प्रति उनका यह समर्पण निश्चित रूप से समाज में सकारात्मक संदेश देता है और अन्य शिक्षकों के लिए प्रेरणास्रोत बनता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!