गौ विज्ञान परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर सूरजपुर में हुई संकुल समन्वयकों की बैठक
सूरजपुर – शिक्षा जगत में नवाचार और संस्कारों की दिशा तय करने वाले गौ विज्ञान परीक्षा के सुचारु आयोजन को लेकर सूरजपुर विकासखण्ड में एक महत्वपूर्ण बैठक बीआरसी भवन में सम्पन्न हुई। बैठक की बागडोर विकासखण्ड नोडल अधिकारी गौतम शर्मा एवं सहायक नोडल अधिकारी राधेश्याम साहू ने संभाली। विशेष उपस्थिति जिला नोडल अधिकारी अंकित कोसरिया की रही, जिनके मार्गदर्शन में परीक्षा संचालन की ठोस रणनीति तैयार की गई। इसके साथ ही गौ विज्ञान परीक्षा के सफल संचालन हेतु कार्ययोजना, उत्तरदायित्व, शत् प्रतिशत विद्यालयों का पंजीयन, विद्यार्थियों की अधिकतम भागीदारी तथा शिक्षकों के सहयोग को सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा किया गया। बैठक में तय किया गया कि गौ विज्ञान परीक्षा को सिर्फ़ एक परीक्षा न मानते हुए इसे भारतीय संस्कृति, परंपरा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के प्रचार-प्रसार का अभियान बनाया जाएगा। यह परीक्षा विद्यार्थियों को न सिर्फ़ ज्ञान देगी बल्कि गाय के महत्व, भारतीय जीवनशैली और वैज्ञानिक तथ्यों को समझने का सुनहरा अवसर भी प्रदान करेगी। गौ विज्ञान परीक्षा के सफल संचालन में पूर्ण सहयोग करने की बात सभी संकुल समन्वयकों ने कही। इस अवसर पर विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी सुनील कुमार पोर्ते, विकासखण्ड स्त्रोत केन्द्र समन्वयक मनोज मंडल, सहायक विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी गिरवर यादव, बीआरपी सुदर्शन राजवाड़े तथा सूरजपुर विकासखण्ड के सभी संकुल समन्वयक मौजूद रहे।
