भ्रष्ट अफसरों पर मंत्री की दो टूक — ‘गरीबों के हक पर डाका बर्दाश्त नहीं
कुदरगढ़ रेंजर पर अवैध कटाई और रिश्वतखोरी के गंभीर आरोप — मंत्री बोलीं, शिकायत मेरे पास पहले ही पहुँच चुकी है,कार्रवाई तय
सूरजपुर/ओड़गी:– महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े गांव चलो अभियान के तहत जब बांक और छतरंग पहुंचीं,तो ग्रामीणों ने मंच से ही जमकर जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों पर भड़ास निकाली। आवास प्लस टू योजना से गरीबों का नाम कटने,रिश्वतखोरी, जंगल कटाई और सड़क-पुलिया जैसी मूलभूत समस्याओं पर मंत्री के सामने सवालों की बौछार लग गई। मंत्री ने कहा—गरीबों के अधिकार पर किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
मंत्री ने कहा — आवास प्लस टू में नहीं छूटना चाहिए गरीब का एक भी घर
ओड़गी ब्लॉक के दौरे पर पहुंचीं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने ग्राम पंचायत बांक और छतरंग में ग्रामीणों से मुलाकात कर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक लिया। ग्रामीणों ने बताया कि पात्र होने के बावजूद आवास प्लस टू सूची से कई गरीबों के नाम गायब हैं वहीं मंत्री ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा योजनाओं का लाभ सिर्फ कागज में नहीं, जमीन पर दिखना चाहिए। जो ग्रामीण पढ़ नहीं पाते,उन्हें योजना का लाभ समझाने की जिम्मेदारी प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की है।
बांक में मिली सौगात — 21 लाख की सड़क और विद्युत विस्तार का वादा
ग्राम पंचायत बांक में ग्रामीणों की मांग पर मंत्री ने 21 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड और अन्य निर्माण कार्यों की स्वीकृति की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने विद्युत विस्तार कार्य को भी शीघ्र पूरा कराने का भरोसा दिया। छतरंग और अन्य पंचायतों में पुलिया, बाउंड्री वॉल और सड़क निर्माण का आश्वासन भी दिया।
भरे मंच पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा — रेंजर पर रिश्वतखोरी और जंगल कटाई का आरोप
कार्यक्रम के दौरान सबसे बड़ा धमाका तब हुआ जब ग्रामीणों ने भरे मंच पर कुदरगढ़ वन परिक्षेत्र के रेंजर नरेंद्र गुप्ता पर भ्रष्टाचार के आरोपों की झड़ी लगा दी। ग्रामीणों का आरोप था कि रेंजर द्वारा वन अधिकार पट्टा मैं धांधली की गई है जंगल में अवैध कटाई के भी आरोप लगे मंत्री ने मंच से ही इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए कहा — यह शिकायत मेरे पास पहले भी आई थी,अब इसकी जांच होगी और दोषी पर निश्चित कार्रवाई की जाएगी।
अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि क्या यह मामला कार्रवाई तक पहुंचेगा या फाइलों में ही दफन हो जाएगा।
हरिहरपुर : आज़ादी के 78 साल बाद भी सड़क और पुलिया सपना, बरसात में कट जाता है दुनिया से संपर्क
हरिहरपुर के ग्रामीणों ने अपनी दशा सुनाते हुए बताया कि आजादी के बाद भी गांव सड़क और पुलिया जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। बरसात के मौसम में स्थिति इतनी भयावह हो जाती है कि गांव पूरी तरह टापू बन जाता है। विभागीय लापरवाही और ठेकेदार की मनमानी से पुलिया निर्माण में करीब तीन लाख रुपये का घोटाला भी ग्रामीणों ने उजागर किया।
ग्रामीणों ने मांग की कि मंत्री और प्रशासन को ऐसे उपेक्षित इलाकों में बार-बार दौरा करना चाहिए ताकि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों पर दबाव बने और विकास की असली रफ्तार जमीन पर दिखे।
कार्यक्रम में मौजूद रहे जनप्रतिनिधि और अधिकारी
कार्यक्रम में भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता, बीएमओ बंटी बैरागी, सीईओ डॉ.निपेंद्र सिंह, तहसीलदार सुरेश रॉय, बीईओ राजीव सिंह, मंडल संयोजक मनोहर गुप्ता,महिला बाल विकास विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे।
लेकिन ग्रामीणों के तीखे सवालों और आक्रोश के आगे मंच पर बैठे जिम्मेदार मौन नजर आए।
मंत्री के दौरे से ग्रामीणों को थोड़ी राहत और उम्मीद जरूर मिली है, पर असली कसौटी होगी—सरकारी सिस्टम की सक्रियता और भ्रष्टाचारियों पर ठोस कार्रवाई।
