हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी स्कूल के बोर्ड परीक्षा के परीक्षकों ने सीखा मूल्यांकन कार्य की बारीकियां
सूरजपुर – सचिव छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल रायपुर के निर्देशानुसार मूल्यांकन केन्द्र शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजपुर में मूल्यांकन कार्य का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती भारती वर्मा के मार्गदर्शन एवं मूल्यांकन केन्द्र अधिकारी लेफ सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया। सहायक मूल्यांकन केन्द्र अधिकारी सुनील दत्त तिवारी के द्वारा हाई स्कूल और हायर सेकेण्डरी स्कूल की बोर्ड परीक्षा 2025 में गुणवत्तापूर्ण मूल्यांकन कार्य हेतु मुख्य परीक्षक एवं उप मुख्य परीक्षक को प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही मास्टर ट्रेनर राधेश्याम सोनी के द्वारा जिले के सभी परीक्षकों को नियमानुसार मूल्यांकन की बारीकियों को बताते हुए पूर्व में की गई त्रुटियों की पुनरावृत्ति न करने की सख्त हिदायत दी गई और मास्टर ट्रेनर रमेश गुर्जर ने मूल्यांकन के दौरान आने वाले समस्याओं के निदान पर विस्तृत चर्चा किया गया। इस प्रशिक्षण में जिले के सभी विषयों के मुख्य परीक्षक एवं उप परीक्षक उपस्थित रहे।
