राष्ट्रीय अविष्कार अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता हुई सम्पन्न

सूरजपुर – कलेक्टर एस जयवर्धन के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्रीमती कमलेश नंदिनी साहू के मुख्य आतिथ्य में राष्ट्रीय आविष्कार अभियान अंतर्गत जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन सहायक संचालक शिक्षा रविन्द्र सिंहदेव,जिला मिशन समन्वयक शशिकांत सिंह के मार्गदर्शन और एपीसी शोभनाथ चौबे के समन्वय में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सूरजपुर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती कमलेश नंदिनी साहू ने मां सरस्वती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम की अगली कड़ी में जिला मिशन समन्वयक शशिकांत सिंह ने कार्यक्रम का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में जिले के सभी विकासखण्डों से प्रारंभिक स्तर पर कक्षा छठवीं से आठवीं तक के और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्तर के कक्षा नवमी से बारहवीं तक के अध्ययनरत छात्र-छात्राओं ने अपनी सहभागिता निभाई है । जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित होने के लिए इन बच्चों ने संकुल स्तर से विकासखण्ड स्तर और विकासखण्ड स्तर से जिला स्तर तक का सफर तय किया है । जिला स्तरीय प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। तत्पश्चात् मुख्य अतिथि के द्वारा बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा गया कि आप सभी ऐसे ही निरंतर मेहनत करके अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर होवे। इस प्रतियोगिता में बच्चों से पांच चरणों में राष्ट्रीय, राज्य, विज्ञान, गणित के अलग-अलग प्रश्न पूछे गये। प्रारंभिक स्तर पर विकासखण्ड प्रतापपुर और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय स्तर पर विकासखण्ड रामानुजनगर के बच्चों ने बाजी मारी। सभी विजयी प्रतिभागियों के साथ सहभागी सभी बच्चों को प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में दर्शकों से भी सभी चरणों में प्रश्न किए गए थे,सही जवाब देने वाले दर्शकों को भी पुरस्कृत किया गया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक आशीष पाण्डेय, प्रधान पाठक गौतम शर्मा, सुनील चक्रधारी का सराहनीय योगदान रहा ।
