IMG-20261103-WA0014

कुबेरपुर मामले में बड़ा प्रशासनिक एक्शन: बिहारपुर प्रभारी तहसीलदार निलंबित

सूरजपुर/ जिले के बिहारपुर क्षेत्र के कुबेरपुर मामले में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा एक्शन सामने आया है। संभागायुक्त सरगुजा नरेंद्र कुमार दुग्गा ने बिहारपुर के प्रभारी तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार करमचंद जाटवर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है।

दरअसल, कुबेरपुर मामले में तहसीलदार से जुड़ा वायरल ऑडियो भी पूर्व में चर्चा में रहा था, जिसे लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए गए थे। अब प्रभारी तहसीलदार के निलंबन का आदेश सामने आने के बाद यह मामला एक बार फिर सुर्खियों में है।

संभागायुक्त द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 को ग्राम कुबेरपुर में ट्रैक्टर दुर्घटना के बाद कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति निर्मित हुई थी। इस दौरान स्थिति को नियंत्रित करने में प्रशासनिक शिथिलता, कर्तव्य के प्रति उदासीनता और लापरवाही बरतने की बात सामने आई है।

आदेश में संबंधित अधिकारी के इस कृत्य को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत तथा गंभीर कदाचार की श्रेणी में माना गया है। इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के नियम 9(1)(क) के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय संभागीय पटवारी प्रशिक्षण शाला, अंबिकापुर जिला सरगुजा निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।

फिलहाल इस कार्रवाई को कुबेरपुर मामले में एक बड़े प्रशासनिक कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!