oplus_131074

oplus_131074

बैजनाथपुर की शासकीय भूमि पर अतिक्रमण की शिकायत,आयुक्त के निर्देश के बाद जांच और कार्रवाई का इंतजार

सूरजपुर/भटगांव- सूरजपुर जिले की भटगांव तहसील अंतर्गत ग्राम बैजनाथपुर में शासकीय भूमि पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। इस संबंध में शिकायतकर्ता राजेश कुमार गुप्ता ने सरगुजा संभाग आयुक्त को पुनः आवेदन सौंपकर पूर्व में दिए गए निर्देशों के पालन और अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता के आवेदन के अनुसार, ग्राम पंचायत बैजनाथपुर में छोटे झाड़ जंगल मद के 108 प्लॉटों पर अतिक्रमण किए जाने की आशंका जताई गई है। उन्होंने संबंधित भूमि की जांच कराने और जांच में अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।

आवेदन में उल्लेख किया गया है कि 16 जून 2023 को ग्रामसभा द्वारा शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने के संबंध में प्रस्ताव पारित कर तहसीलदार भटगांव को सौंपा गया था। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस मामले में अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है। उनके अनुसार, शासकीय भूमि पर कब्जे की स्थिति के कारण ग्रामीणों को मवेशियों को चराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

आयुक्त कार्यालय ने 7 अगस्त 2026 को कलेक्टर सूरजपुर को पत्र जारी कर सात दिनों के भीतर मामले में उल्लेखित तथ्यों की जांच कराने,नियमानुसार कार्रवाई करने और प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए थे।

हालांकि, शिकायतकर्ता के अनुसार, करीब दो महीने बीत जाने के बाद भी उन्हें कार्रवाई की स्थिति और जांच प्रतिवेदन के संबंध में जानकारी प्राप्त नहीं हुई है।

अब इस मामले में जिला प्रशासन की जांच और कार्रवाई पर नजर रहेगी। संबंधित शासकीय भूमि की वास्तविक स्थिति क्या है और शिकायत के आधार पर प्रशासन द्वारा क्या कदम उठाए जाते हैं, यह जांच और आधिकारिक प्रतिवेदन सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!