IMG-20260709-WA0055


नेताओं की बाड़ी में सरकारी बोर खनन का विरोध, ग्रामीणों ने खोला मोर्चा


सूरजपुर/भैयाथान। भैयाथान विकासखंड के ग्राम गंगौटी, बांसापारा और डबरीपारा में विधायक निधि से स्वीकृत सरकारी हैंडपंप बोर के खनन को लेकर विवाद गहरा गया है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि आम जनता की पेयजल समस्या दूर करने के लिए स्वीकृत 4 से 5 बोरों को कुछ स्थानीय रसूखदार नेता सार्वजनिक स्थानों के बजाय अपनी निजी बाड़ियों और खेतों में खनवाने का प्रयास कर रहे हैं। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
गोंडवाना गणतंत्र पार्टी युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष जगत सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांग की है कि सभी बोर केवल सार्वजनिक उपयोग के स्थानों पर ही कराए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सरकारी बोर निजी जमीनों पर लगाए गए तो आम लोगों को पेयजल के लिए परेशानी उठानी पड़ेगी और सरकारी राशि का उद्देश्य भी विफल हो जाएगा।
ग्रामीणों ने बताया कि गंगौटी, बांसापारा और डबरीपारा का प्रमुख संगम चौक, दुर्गा पंडाल के पास स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। इस स्थान पर लंबे समय से पानी की समस्या बनी हुई है। इसलिए उन्होंने मांग की है कि स्वीकृत बोरों में से कम से कम एक बोर संगम चौक पर लगाया जाए तथा शेष बोरों का खनन भी सार्वजनिक स्थलों और सरकारी भूमि पर पारदर्शी तरीके से किया जाए।
ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि किसी भी दबाव में निजी भूमि पर बोर खनन कराया गया तो वे उग्र आंदोलन, धरना-प्रदर्शन और चक्काजाम करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और संबंधित विभाग की होगी। फिलहाल विरोध के चलते मौके पर बोर खनन का कार्य रुका हुआ है। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन के निर्णय पर टिकी हैं।

—————————————————————-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!