Screenshot_2026-07-01-18-40-56-08_965bbf4d18d205f782c6b8409c5773a4~2

लंबित भुगतान से ठेकेदार की मौत पर फूटा गुस्सा, PHE ठेकेदारों ने दिया मौन धरना

सूरजपुर/ लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी (PHE) विभाग के ठेकेदारों ने खैरागढ़ के ठेकेदार गणेश्वर जंघेल की कथित रूप से लंबित भुगतान से परेशान होकर आत्महत्या किए जाने की घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए बुधवार को सूरजपुर में मौन धरना प्रदर्शन किया। ठेकेदारों ने दिवंगत जंघेल को श्रद्धांजलि अर्पित की और शासन-प्रशासन से लंबित भुगतान की समस्या का तत्काल समाधान करने की मांग उठाई।

धरने के दौरान ठेकेदारों ने कहा कि विभाग द्वारा समय पर भुगतान नहीं किए जाने से ठेकेदार गंभीर आर्थिक संकट से गुजर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लंबे समय से बिल लंबित होने के कारण कई ठेकेदार कर्ज और मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। उनका कहना था कि यदि यही स्थिति बनी रही तो अन्य ठेकेदार भी आत्महत्या जैसे कदम उठाने को मजबूर हो सकते हैं।

प्रदर्शनकारियों ने समय पर भुगतान, लंबित बिलों के शीघ्र निपटारे तथा विभागीय प्रक्रियाओं को सरल बनाने की मांग की। उनका कहना था कि भुगतान में लगातार हो रही देरी से निर्माण एवं रखरखाव कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।
प्रदर्शन के बाद ठेकेदारों ने कार्यपालन अभियंता को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।

इस दौरान अंकित गर्ग, अंशुल गोयल, कलवंत गोयल, मुकेश गोयल, प्रकाश अग्रवाल, विकास खत्री, दिनेश गोयल, मुकेश गर्ग, राकेश शुक्ला, गुप्तेश्वर पांडेय, विवेकानंद झा, लकी गोयल, विनय जायसवाल, अनुराग डालमिया, जीवन रौतेला, सत्येंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पीएचई ठेकेदार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!