oplus_131074
बढ़ी हुई बिजली दरों के विरोध में शिवसेना ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
सूरजपुर/ छत्तीसगढ़ में बिजली दरों में की गई वृद्धि के विरोध में शिवसेना (ubt) ने जिला प्रमुख विष्णु वैष्णव के नेतृत्व में सोमवार को कलेक्टर सूरजपुर को ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई दरों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि छत्तीसगढ़ देश का प्रमुख ऊर्जा उत्पादक राज्य है। प्रदेश में प्रचुर मात्रा में कोयले का उत्खनन होता है और इसी कोयले से बिजली का उत्पादन किया जाता है। इसके बावजूद आम जनता पर लगातार बिजली दरों में वृद्धि का बोझ डाला जा रहा है। हाल ही में राज्य विद्युत नियामक आयोग द्वारा बिजली दरों में औसतन 6.23 प्रतिशत वृद्धि को स्वीकृति दी गई है, जो 1 जुलाई 2026 से लागू होने वाली है। इससे घरेलू, कृषि और छोटे व्यापारिक उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।
शिवसेना पदाधिकारियों ने कहा कि जब प्रदेश की धरती से कोयला निकालकर बिजली बनाई जा रही है, तब प्रदेशवासियों को महंगी बिजली उपलब्ध कराना न्यायसंगत नहीं है। बढ़ती महंगाई के इस दौर में बिजली दरों में वृद्धि से गरीब, किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय परिवार और छोटे व्यापारियों की आर्थिक स्थिति पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।
ज्ञापन के माध्यम से शिवसेना ने बिजली दरों में की गई वृद्धि को तत्काल वापस लेने, प्रदेशवासियों को रियायती एवं सस्ती बिजली उपलब्ध कराने, गरीब एवं मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए विशेष राहत योजना लागू करने, किसानों एवं छोटे व्यापारियों को बिजली दरों में विशेष छूट देने तथा बिजली दर निर्धारण में आम जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की मांग की।
इस अवसर पर महिला जिलाध्यक्ष पिंकी पटेल, जिला सचिव डॉ.आर.एस.नगर प्रमुख सूरजपुर साहिल,ब्लॉक प्रमुख मोहन सिंह टेकाम,महिला नगर प्रमुख रजनी सिंह,उमेश चंद्र लाल श्रीवास्तव,गौतम कुमार,बालेश्वर चौहान सहित बड़ी संख्या में शिवसैनिक उपस्थित रहे।
