2 हजार की जगह 20 हजार निकासी, किसान के खाते से गायब रकम
निकासी पर्ची में हेराफेरी का आरोप, कैशियर से जवाब मांगने पर मचा हड़कंप, मौके पर पहुंचे मीडियाकर्मी
सूरजपुर/ओड़गी –क्षेत्र के सहकारी बैंक ओड़गी में एक बड़ा वित्तीय गड़बड़ी का मामला सामने आया है, जहां एक किसान के खाते से 2 हजार रुपये की जगह 20 हजार रुपये निकासी दर्ज कर दी गई। इस घटना के सामने आने के बाद बैंक प्रबंधन में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत धरसेडी निवासी किसान हितग्राही उदयप्रसाद ने दिनांक 10 मार्च 2026 को बैंक में निकासी फॉर्म भरकर मात्र 2 हजार रुपये निकाले थे। लेकिन जब उन्होंने 20 मार्च 2026 को अपने बचत खाते की जांच करवाई, तो पता चला कि खाते से 20 हजार रुपये की निकासी दर्ज है।
इस गड़बड़ी को देखकर किसान उदयप्रसाद ने तुरंत बैंक के कैशियर से उस दिन की निकासी पर्ची दिखाने की मांग की। इसी दौरान मौके पर मीडियाकर्मी भी पहुंच गए। जांच के दौरान सामने आया कि वास्तविक निकासी फॉर्म में 2 हजार रुपये ही लिखा हुआ था, जबकि खाते से 20 हजार रुपये आहरित दिखाया गया है।
इस पूरे मामले ने बैंक की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि इस तरह की गड़बड़ियां पहले भी होती रही हैं, लेकिन कभी खुलकर सामने नहीं आ पाई थीं।
बड़ा सवाल?
क्या बैंक कर्मचारियों द्वारा जानबूझकर राशि में हेराफेरी की जा रही है?
निकासी फॉर्म और बैंक रिकॉर्ड में अंतर कैसे?
क्या यह एक बड़े घोटाले का हिस्सा है या अनजाने में हुई चूक है बैंक प्रबंधन को स्पष्टीकरण देना चाहिए ?
पीड़ित ने की कार्रवाई की मांग
पीड़ित किसान ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं ग्रामीणों ने भी बैंक में पारदर्शिता लाने और खातों की नियमित जांच की मांग उठाई है।
