IMG-20260130-WA0013

ग्राम पंचायत बरौधी में एनएसएस का सात दिवसीय विशेष ग्रामीण शिविर प्रारंभ, स्वच्छता और नशा-मुक्ति का संदेश

सूरजपुर/भैयाथान:– जिले के विकासखंड भैयाथान अंतर्गत ग्राम पंचायत बरौधी के शासकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के तहत आयोजित विशेष सात दिवसीय ग्रामीण शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। यह शिविर 30 जनवरी से 05 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसकी थीम नशा-मुक्त समाज के लिए युवा निर्धारित की गई है।

उद्घाटन कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ग्राम पंचायत बरौधी के उपसरपंच दिनेश सिंह, अध्यक्षता सरपंच विनोद किंडो तथा विशिष्ट अतिथि जनपद पंचायत सदस्य रामकुमार सैनी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं अगरबत्ती प्रज्वलन के साथ किया गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक शिक्षक संतोष गुप्ता ने सात दिवसीय शिविर की रूपरेखा, उद्देश्य एवं प्रस्तावित गतिविधियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि शिविर के दौरान स्वच्छता अभियान, स्वच्छता रैली, नशा-मुक्ति जागरूकता, आउटरीच/अभिमुखीकरण कार्यक्रम सहित सामाजिक सरोकार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सामाजिक जिम्मेदारी, अनुशासन और सेवा भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों से ग्राम विकास, स्वच्छता और नशा-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उद्घाटन समारोह में शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल भटगांव के शिक्षक-शिक्षिकाएं, ग्राम पंचायत बरौधी के माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं एनएसएस स्वयंसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

यह शिविर संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, अंबिकापुर (छत्तीसगढ़) के मार्गदर्शन एवं राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ के सहयोग से संचालित किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!