पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का सूरजपुर दौरा
प्रदेश सरकार पर जमकर बरसे पूर्व सीएम
दौरे में दिखी कांग्रेस की गुटबाजी
सूरजपुर/ 30/12/2025 जिला कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंचे सूबे के पूर्व मुखिया व कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भूपेश बघेल का जिले की सीमा से सम्मेलन स्थल तक भव्य स्वागत हुआ। स्थानीय सेवाकुंज में आयोजित नवनियुक्त जिलाध्यक्ष शशि सिंह के प्रथम कार्यकर्ता सम्मेलन में पूर्व सीएम बघेल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारियों व जिले से आये हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं के बीच कांग्रेस के आयोजन से जिले का सियासी पारा भी बढ़ गया। इस दौरान बघेल ने बताया कि उनकी सरकार ने पांच वर्षों में 95 नई विकास योजनाओं से नवा छत्तीसगढ़ गढ़ा था। अब ये सरकार उन योजनाओं को बंद करने में लगी है। चहूंओर अराजकता का वातावरण है, रोजगार, भर्ती सब बंद है और सभी विभागों में गड़बड़ी का आलम है। अधिकारी-कर्मचारी, महिला, युवा, मजदूर, किसान सभी आंदोलन के रास्ते पर हैं। आज लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है और इसे कांग्रेस पार्टी अपने तरीके से लड़ेगी। गरीब, जनता, व्यापारी, महिला, युवा, किसान, मजदूर सभी के साथ कांग्रेस खड़ी है। श्री बघेल ने भाजपा की सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि हमने स्कूल खोले और ये बंद कर रहे हैं, हमने गौठान खोला इन्होंने बंद कर दिया, हमने रोजगार के नए अवसरों का सृजन किया, ये बंटाधार करने में लगे हैं। आज मजदूरों को काम नहीं मिल रहा है और अब मनरेगा को भी षड़यंत्रपूर्वक बंद करने का काम कर रहे हैं।

किसानों को लेकर सरकार गंभीर नहीं
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने बयान में सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि सरकार किसानों को लेकर गंभीर नहीं है किसानों के रकबे काट दिए जा रहे है वहीं वन अधिकार पट्टा में धानों की खरीदी नहीं हो रही है किसानों का भुगतान भी रोक दिया गया है और उन्हें टोकन मिलने में भी कठिनाई हो रही है ,,,राशन कार्ड से वंचित लोगों वंचित करने काम सरकार ने किया है जिससे उन्हें राशन नहीं मिल रहा है वहीं बिजली बिल का दर बढ़ा हुआ है मनरेगा में हो रहे कार्य को बंद कर दिया गया है जिसके लिए कांग्रेस लड़ाई लड़ेगी,,
गुटबाजी कांग्रेस की कमजोरी नहीं ताकत है
गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि गुटबाजी कमजोरी नहीं कांग्रेस की ताकत है कोई नाए कोई कार्यकर्ता किसी न किसी नेता से जुड़ा ही हुआ होता है इसमें गुटबाजी वाली बात नहीं है।

अपने रीति रिवाज से अंतिम संस्कार का अधिकार
उन्होंने धर्मांतरण पर हुए विवाद को लेकर कहा कि सभी लोगों को अधिकार है कि वह अपने घर वालों का अंतिम संस्कार अपने रीति-रिवाज से करें इसको लेकर जो बवाल हुआ या पुलिस का मामला था और सरकार को इस दिशा में कदम उठाना चाहिए और सरकार को बताना चाहिए कि उसने इस दिशा में क्या काम कीया है।

प्रदेश में क्राइम रेट बढ़ी .
वही गृहमंत्री विजय शर्मा को लेकर भी कहा कि उनसे प्रदेश संभल नहीं रहा है और क्राइम रेट बढ़ती जा रही है,,
जल्द तैयार होगा राजीव भवन
जिलाध्यक्ष शशि सिंह के आह्वान पर बघेल ने कहा कि जल्द ही सूरजपुर जिले का राजीव भवन तैयार होगा। इसमें होने वाले खर्च की आधी राशि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से प्रदान होगी कांग्रेस के द्वारा जारी सहयोग निधि पत्र पर स्वयं भी एक लाख रूपए की राशि देते हुए भवन निर्माण की दिशा को प्रशस्त किया और राजीव भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष पद पर कांग्रेस नेता सुनील अग्रवाल को नियुक्त कर जिम्मेदारी सौपी।
कांग्रेस की एकजुटता पर प्रश्न चिन्ह?
पूर्व सीएम के सरगुजा आगमन के दौरान सियासी गुटबाजी भी नजर आई। सिंह देव गुट के कई नेताओं की गैरमौजूदगी को लेकर सियासी अटकलें लगाई जा रही है। उल्लेखनीय है कि सरगुजा संभाग में कांग्रेस की राजनीतिक मजबूती का आधार लंबे समय से टीएस सिंहदेव को माना जाता रहा है। ऐसे में उनके समर्थकों की दूरी कांग्रेस की एकजुटता पर प्रश्न चिन्ह लगा रहे हैं।
