जिला चिकित्सालय सूरजपुर इकाई की बैठक सम्पन्न, विभिन्न मांगों पर हुई चर्चा

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ, जिला चिकित्सालय सूरजपुर इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आज आदरणीय इंद्रसेन विश्वकर्मा जी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला चिकित्सालय से जुड़े कर्मचारियों की प्रमुख मांगों एवं समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक के दौरान स्टॉफ नर्सों के लिए आवासीय व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु रूम आबंटन की मांग उठाई गई। साथ ही एनएचएम कर्मचारियों को जिला चिकित्सालय परिसर में दिए जा रहे कमरों को नियम विरुद्ध बताते हुए नियमानुसार आवंटन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
नर्सिंग कैडर की ग्रेडेशन सूची की जानकारी संयुक्त संचालक/संचालक के माध्यम से प्राप्त करने, तथा मीडिया कर्मियों द्वारा अनावश्यक दबाव बनाने एवं उच्च अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों का पर्याप्त समर्थन न किए जाने जैसे मुद्दों पर भी चर्चा हुई। कर्मचारियों ने इस पर नाराजगी जताते हुए निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
इसके अलावा सेटअप के अनुसार स्टॉफ की कमी को दूर करने हेतु जेडीएस/डीएमएफ के माध्यम से भर्ती प्रक्रिया शुरू करने, सूरजपुर के तूरिया पारा में निर्मित आवासीय भवन को शीघ्र हैंडओवर करने, तथा जेडीएस कर्मचारियों को कलेक्टर दर पर वेतन देने के आदेश का पालन कराने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियुक्ति आदेश उनके नियुक्ति दिनांक से जारी करने, वर्ष 2023 से चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की पदोन्नति सूची जारी करने तथा जेडीएस की बैठकों में संघ के प्रतिनिधियों को शामिल करने की मांग भी प्रमुख रूप से उठाई गई।
इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ प्रांतीय उपाध्यक्ष श्री रामप्रताप रजवाड़े जी को राष्ट्रीय स्तर पर योग के क्षेत्र में कांस्य पदक प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया।
बैठक में संघ के महामंत्री श्री नरेंद्र ठाकुर, जिला चिकित्सालय सूरजपुर इकाई के अध्यक्ष मयंका रजवाड़े, कमलेश साहू, रोहित राजवाड़े .नेत्र सहायक अधिकारी प्रकोष्ठ से मुकेश राजवाड़े ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश राजवाड़े, अमित सोनी, श्रवीन प्रताप, दीप्ति, निशा, ललिता (स्टाफ नर्स), चतुर्थ कर्मचारी संघ से देशराज गर्ग एवं आरएचओ अमित कुशवाहा सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
